मुजफ्फरपुर में हिंदी दिवस पर ‘आज रंग है’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

0
IMG_20260915_194740

मुजफ्फरपुर: ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय के हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी दिवस के अवसर पर अमीर खुसरो के काव्य एवं उनके सांस्कृतिक अवदान को केंद्र में रखते हुए ‘आज रंग है’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने कहा कि अमीर खुसरो भारतीय संस्कृति की पहचान हैं। खुसरो भीड़ के भी थे और एकांत के भी। उन्होंने लगभग चौदह राजदरबारों में काम किया, लेकिन उनकी रचनाओं में सत्ता की चाटुकारिता का लेशमात्र भी दिखाई नहीं देता। अपने गुरु हजरत निजामुद्दीन औलिया के प्रति खुसरो का समर्पण अद्वितीय था। उनके इस गुरु-प्रेम और समर्पण से हमें भी प्रेरणा लेनी चाहिए।

आज रंग है’ कार्यक्रम में म्यूजिकल ब्रदर्स के विश्वजीत, प्रशांत, अवनीश, सुंदरम्, सचिन राज सहित अन्य कलाकारों ने अमीर खुसरो की ग़ज़लों और कव्वालियों की शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। उनकी संगीतमय प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को खुसरो के रंग में रंग दिया।

आशुतोष कुमार ने ‘खुसरो दरिया प्रेम का, बहे नैनन में भरि हरि’ गाकर मानवीय संवेदनाओं को जीवंत कर दिया। वहीं समूह द्वारा प्रस्तुत ‘छाप तिलक सब छीनी’ ने हिंदवी के दौर की सांस्कृतिक अनुगूंज को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथि कलाकारों को प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने स्मृति-चिह्न एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया। हिंदी विभाग की ओर से प्राचार्या को शंभुनाथ की पुस्तक ‘इतिहास में अफवाह’ भेंट की गई। यह पुस्तक डॉ. ज्योति कुमारी ने प्रदान की।

कार्यक्रम का संचालन ममता कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन चित्तरंजन कुमार ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed