हरिसभा दुर्गा पूजा समिति की बैठक, 125वें वर्ष को विशेष रूप से मनाने की तैयारी
मुजफ्फरपुर: शहर की प्रतिष्ठित हरिसभा दुर्गा पूजा समिति की ओर से आगामी दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष हरिसभा दुर्गा पूजा का 125वां स्थापना वर्ष है, जिसे विशेष और भव्य तरीके से मनाने की तैयारी समिति द्वारा की जा रही है। बैठक में पूजा आयोजन, उद्घाटन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।
समिति के अध्यक्ष डॉ. डी. पी. दास ने बताया कि 125 वर्षों से हरिसभा में दुर्गा पूजा परंपरा और निष्ठा के साथ आयोजित होती आ रही है। इस वर्ष के आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है और प्रत्येक सप्ताह बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में बैठक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और उद्घाटन समारोह की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
समिति के सचिव चंदन राय ने बताया कि इस वर्ष पूजा का शुभारंभ 16 अक्टूबर को षष्ठी के दिन होगा। षष्ठी की शाम स्थानीय बच्चों द्वारा डांस, गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हरिसभा दुर्गा पूजा का पूरा आयोजन बंगाली थीम पर आधारित रहेगा और यही इसकी प्रमुख विशेषता होगी।
चंदन राय ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि 125 वर्षों से आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक और भव्य दुर्गा पूजा में सभी लोग शामिल हों तथा मां दुर्गा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने पूजा के आयोजन में वर्षों से सहयोग देने वाले शहरवासियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में अध्यक्ष डॉ. डी. पी. दास, सचिव उज्जवल कुमार दास, सह सचिव केदारनाथ चटर्जी, जय अधिकारी, संजीत बिस्वास, ट्रस्टी मनीषा दत्ता, शुभाशीष बोस, अमरनाथ चटर्जी, शिउली भट्टाचार्य, जुमा दास, नीला बोस, शरबानी बनर्जी, सोनाली सिन्हा, अपर्णा चटर्जी, सुनीता सिन्हा, मधु चांदा सरकार, अर्पण बोस, चंदन राय, देवाशीश गांगूली, देवाशीष दास, सोमन बेनर्जी, निलंजन चौधरी, संतोष सिन्हा, मंगल मय लहरी, सुकांत बनर्जी, संतोष गोस्वामी, सुजय सिन्हा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
