बिहार में ऑर्केस्ट्रा संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दर्जनों हिरासत में; मुक्त कराई गईं 50 नाबालिग लड़कियां
मधुबनी: जिले में मानवाधिकार आयोग, चाइल्डलाइन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित ऑर्केस्ट्रा में छापेमारी की है. सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान लगभग 50 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया है, जिनसे जबरन ऑर्केस्ट्रा में काम कराया जा रहा था.
पूरे जिले में हड़कंप
कार्रवाई के दौरान कई ऑर्केस्ट्रा संचालकों समेत दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया गया है. सभी मुक्त कराई गई नाबालिगों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत कर उनके परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है. नाबालिगों के संरक्षण को लेकर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप मचा हुआ है.
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी
मिली जानकारी के मुताबिक महिला थाना पहुंची एसपी रश्मि कर सहित अन्य अधिकारी हिरासत में लिए गए लोगों और मुक्त कराई गई लड़कियों से पूछताछ कर रहे हैं. पुलिस नाबालिगों की उम्र के सत्यापन के साथ यह भी पता लगा रही है कि वे ऑर्केस्ट्रा से कैसे जुड़ीं और संचालकों की इसमें क्या भूमिका रही.
फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं
बताया जा रहा है कि पूछताछ में कई लड़कियों के दूसरे राज्यों से लाए जाने की बात सामने आ रही है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है, फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है. पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मुक्त कराई गई लड़कियों के संबंधी होने का दावा
वहीं घटना की जानकारी फैलते ही महिला थाने के बाहर काफी भीड़ देखने को मिली. मुक्त कराई गई लड़कियों में से कई लड़कियों को कोई अपनी साली तो कोई अपनी बहन बता रहा. लेकिन, सभी लोगों के आधार कार्ड मांगे गए हैं, ताकि संबंधों की पुष्टि की जा सके.
इंडो-नेपाल बॉर्डर से हिरासत में ली गई महिला
इंडो-नेपाल बॉर्डर से एक महिला को भी हिरासत में लिया गया है, जो चाची के नाम से काफी विख्यात है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में कहीं भी नाबालिगों से श्रम या अश्लील कार्य कराना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
