शाजापुर में गोवा एक्सप्रेस ने मेंटेनेंस ट्रॉली को मारी टक्कर, एक रेलकर्मी की मौत और तीन घायल

0

शाजापुर में गोवा एक्सप्रेस ने मेंटेनेंस ट्रॉली को मारी टक्कर, एक रेलकर्मी की मौत और तीन घायल

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल अंतर्गत उज्जैन-भोपाल रेल मार्ग पर मक्सी और बेरछा (पीर उमरोद) रेलवे स्टेशनों के बीच ग्राम झोंकर रेलवे फाटक के पास यह दुर्घटना घटी। सुबह करीब 10:50 बजे ट्रैक मेंटेनेंस के काम में जुटी स्थायी मार्ग निरीक्षक (PWI) की रेलवे ट्रॉली को मार्ग परिवर्तित कर चलाई जा रही हजरत निजामुद्दीन-वास्को-द-गामा गोवा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12780) ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के वक्त रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए 5 रेलकर्मी ट्रॉली के साथ मौजूद थे। जैसे ही ट्रेन ट्रैक पर पहुंची, लोको पायलट ने हॉर्न बजाया, लेकिन रफ्तार अधिक होने और दूरी कम होने के कारण रेलकर्मी ट्रॉली को समय रहते ट्रैक से नहीं हटा सके। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में बल्दिया सोन गांव निवासी 36 वर्षीय रेलकर्मी भगवान सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दिलीप जायसवाल (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका एक पैर कट गया। दो अन्य कर्मचारी विक्रम और सद्दाम को भी चोटें आईं, जबकि एक कर्मचारी ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल और बाद में उज्जैन रेफर किया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इस हादसे के कारण उज्जैन-भोपाल मुख्य रेल मार्ग पर रेल यातायात करीब आधे घंटे तक बाधित रहा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। ट्रैक से मलबा हटाने और आवश्यक तकनीकी जांच पूरी होने के बाद रेल परिचालन बहाल किया गया। जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है और रतलाम रेल मंडल प्रशासन द्वारा घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल और ब्लॉक की स्थिति क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed