नवा रायपुर में स्थापित होगी प्रदेश की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई, 152 करोड़ रुपये के निवेश से 3,500 युवाओं को मिलेगा रोजगार
नवा रायपुर में स्थापित होगी प्रदेश की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई, 152 करोड़ रुपये के निवेश से 3,500 युवाओं को मिलेगा रोजगार
छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में राज्य की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित होने जा रही है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में यश फैन्स एंड एप्लायंसेज की इस नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस परियोजना के तहत 152.74 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश किया जाएगा, जिससे प्रदेश में लगभग 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और यश ग्रुप के चेयरमैन रितेश नरेडी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस इकाई में आधुनिक इलेक्ट्रिक पंखे और किचन एप्लायंसेज का निर्माण किया जाएगा। कंपनी वर्तमान में क्रॉम्पटन, हैवेल्स, उषा और मिल्टन जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ब्रांड्स के लिए विनिर्माण करती है, जिनके उत्पाद अब छत्तीसगढ़ में तैयार होंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता स्थानीय युवाओं को राज्य के भीतर ही रोजगार और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने रेखांकित किया कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत श्रम आधारित और रोजगार सृजक उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इस परियोजना के माध्यम से प्रदेश में उत्पादित होने वाले कच्चे माल जैसे स्टील और एल्युमिनियम का वैल्यू एडिशन स्थानीय स्तर पर संभव होगा, जिससे स्थानीय सप्लायर्स, पैकेजिंग, कंपोनेंट निर्माताओं और ट्रांसपोर्टर्स को नए व्यापारिक अवसर मिलेंगे।
