जमुई में तेज रफ्तार ट्रक ने मंदिर से लौट रही दो किशोरियों को रौंदा, मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

0

जमुई में तेज रफ्तार ट्रक ने मंदिर से लौट रही दो किशोरियों को रौंदा, मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

बिहार के जमुई जिले में सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो किशोरियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धरसंडा मोड़ के समीप घटी।

मृत किशोरियों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पचमहुआ गांव निवासी 13 वर्षीय सुलेखा कुमारी और 16 वर्षीय अंशु कुमारी के रूप में हुई है। दोनों किशोरियां अपने गांव के अन्य श्रद्धालुओं के साथ शारदीय नवरात्र के अवसर पर कुमार गांव स्थित मां नेतुला मंदिर में दर्शन-पूजन करने गई थीं। तड़के करीब साढ़े चार बजे पूजा-अर्चना के बाद जब सभी लोग पैदल अपने घर लौट रहे थे, उसी दौरान नवादा की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। टक्कर में घायल हुए लोगों को आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर उपचार के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने धरसंडा मोड़ के पास सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा उचित कार्रवाई और मुआवजे का भरोसा देकर जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed