सुपौल में मोबाइल टावर से 5.88 करोड़ रुपये के फाइबर कार्ड चोरी का खुलासा, गिरोह का सरगना लखनऊ से गिरफ्तार
सुपौल में मोबाइल टावर से 5.88 करोड़ रुपये के फाइबर कार्ड चोरी का खुलासा, गिरोह का सरगना लखनऊ से गिरफ्तार
बिहार के सुपौल जिले की पुलिस ने मोबाइल टावर से करोड़ों रुपये के कीमती दूरसंचार उपकरण चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पिपरा थाना क्षेत्र में स्थित इंडस टावर साइट से लगभग 5.88 करोड़ रुपये मूल्य के 66 टेलीकॉम फाइबर कार्ड चोरी कर लिए गए थे। मामले की जांच के बाद पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना ध्रुव द्विवेदी को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया।
सुपौल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शरथ आर. एस. के अनुसार, 1 अक्टूबर को पेरीग्रीन गार्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के सीनियर ऑपरेशन मैनेजर ने पिपरा स्थित टावर से फाइबर कार्ड गायब होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। सुराग मिलने पर पुलिस टीम ने लखनऊ में दबिश देकर मुख्य आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के भगदेवा गांव का निवासी है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में दूरसंचार टावरों से उपकरण चोरी और अन्य अपराधों से संबंधित करीब 13 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने गिरोह के छह अन्य सदस्यों की पहचान कर ली है और चोरी हुए फाइबर कार्डों की बरामदगी तथा बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
