उत्तर 24 परगना में भाजपा के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल
उत्तर 24 परगना में भाजपा के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो गुटों के बीच हुई झड़प में एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना टीटागढ़ थाना क्षेत्र के पास ममता मेडिकल हॉल के समीप देर रात उस समय घटी, जब स्थानीय भाजपा मंडल द्वारा आयोजित 'बिजोया सम्मिलनी' का कार्यक्रम समाप्त हुआ था।
एक गुट की ओर से आरोप लगाया गया कि कार्यक्रम के संपन्न होते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और इलाके में अफरा-तफरी व तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों पक्षों को खदेड़कर शांति बहाल की।
झड़प में गंभीर रूप से घायल हुए भाजपा कार्यकर्ता की पहचान करण शेठ के रूप में हुई है। उन्हें पहले बैरकपुर के बी. एन. बोस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें कमरहाटी स्थित सागर दत्ता अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले पर नजर रखे हुए हैं।
